हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
अर्की, 24 अगस्त। उपमंडल की ग्राम पंचायत दानोघाट में प्रधान दूनी चंद शर्मा की अध्यक्षता में कृषि विभाग द्वारा किसान जागरूकता सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कृषि विभाग की ब्लॉक टेक्निकल मैनेजर रजनी ने किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती, उन्नत कृषि तकनीकों, फसल उत्पादन बढ़ाने के उपायों तथा विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने किसानों को सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ उठाने के लिए भी प्रेरित किया।
सम्मेलन में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया और कृषि संबंधी समस्याओं एवं नवीन तकनीकों के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर ग्राम पंचायत प्रधान दूनी चंद शर्मा ने कृषि विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम किसानों को नई तकनीकों से जोड़ने और उनकी आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों एवं स्थानीय ग्रामीणों की भी उपस्थिति रही। अंत में विभाग की ओर से किसानों को एक-एक किलो मटर के बीज वितरित किए गए।
