Spread the love

राजपुरा स्कूल बना कबड्डी का चैंपियन, ट्रॉफी पर किया कब्जा

हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता

नालागढ़, 28 अगस्त। नालागढ़ शिक्षा खंड के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नंगल में आयोजित अंडर-14 खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुक्रवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हो गया। प्रतियोगिता में राजपुरा स्कूल की टीम ने कबड्डी प्रतियोगिता का खिताब जीतकर ट्रॉफी अपने नाम की। फाइनल मुकाबले में राजपुरा के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए पंजैहरा स्कूल को पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।

तीन दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में शिक्षा खंड के 42 स्कूलों के 504 विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया। प्रतियोगिता के दौरान कबड्डी, वॉलीबाल, खो-खो, बैडमिंटन तथा मार्च पास्ट सहित विभिन्न खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया गया, जिनमें खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी।

प्रतियोगिता के अन्य परिणामों में वॉलीबाल में मलहेणी स्कूल विजेता तथा गोयला पन्नर स्कूल उपविजेता रहा। खो-खो प्रतियोगिता में पंजैहरा स्कूल प्रथम और बघेरी स्कूल द्वितीय स्थान पर रहा। वहीं बैडमिंटन में शिवालिक स्कूल ने पहला तथा माजरा स्कूल ने दूसरा स्थान हासिल किया। मार्च पास्ट प्रतियोगिता में नंगल स्कूल ने प्रथम और भाटियां स्कूल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

समापन समारोह में नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया तथा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

अपने संबोधन में विधायक हरदीप बावा ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि हार और जीत खेल का हिस्सा हैं, इसलिए विद्यार्थियों को पूरे समर्पण और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेना चाहिए।

इस अवसर पर खेल प्रभारी जगीर सिंह, एसएमसी प्रधान सुमन देवी, प्रधानाचार्य डॉ. निशा शर्मा, प्रिंसिपल पंकज शर्मा, स्कूल स्टाफ तथा विभिन्न विद्यालयों के खेल प्रभारी उपस्थित रहे।

प्रमुख विजेता

कबड्डी: राजपुरा (विजेता), पंजैहरा (उपविजेता)

वॉलीबाल: मलहेणी (विजेता), गोयला पन्नर (उपविजेता)

खो-खो: पंजैहरा (विजेता), बघेरी (उपविजेता)

बैडमिंटन: शिवालिक (विजेता), माजरा (उपविजेता)

मार्च पास्ट: नंगल (प्रथम), भाटियां (द्वितीय)

Leave a Reply

You missed