Spread the love

 

हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
संगरूर, 30 अगस्त। रंगशाला थिएटर ग्रुप एवं कला केंद्र, संगरूर की ओर से राम वाटिका, बाघीखाना में पंजाबी नाटक ‘उडीक’ का सफल मंचन किया गया। दलजीत सिंह संधू द्वारा लिखित और यश के निर्देशन में प्रस्तुत इस नाटक ने अपनी मार्मिक कहानी, सशक्त अभिनय और सामाजिक संदेश से दर्शकों को भावुक कर दिया।
नाटक में पुरुष प्रधान समाज, दहेज प्रथा और जातिगत भेदभाव जैसी सामाजिक कुरीतियों को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया। रहीम खान और उसकी बेटी ज़ेबा के संघर्ष पर आधारित कहानी ने महिलाओं के प्रति समाज की सोच पर गंभीर सवाल उठाए। नाटक का सबसे भावुक दृश्य तब सामने आया जब दहेज के दबाव में रहीम खान अपनी पगड़ी लड़के वालों के चरणों में रख देता है। इस पर ज़ेबा उसका विरोध करते हुए आत्मसम्मान और बेटियों के सम्मान का संदेश देती है, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
मुस्कान शर्मा ने ज़ेबा, परमजीत कौर और ऋषि शर्मा ने उसके माता-पिता की भूमिका प्रभावशाली ढंग से निभाई। मन्नत, जसविंदर गिल, मनदीप सिंह, अली अकबर, पंकज गुप्ता, नितिन कुमार, विशाल विक्की, सोनी हसनपुर तथा बाल कलाकार कार्विका, काशवी और स्नेहा ने भी अपने अभिनय से प्रस्तुति को यादगार बनाया। वहीं अली अकबर और पंकज गुप्ता ने अपने हास्य किरदारों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रंगमंच प्रेमी उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि बी.के. गोयल रहे, जबकि अध्यक्षता सौरव कोहली ने की। राजविंदर कौर और सतपाल सिंह विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कला केंद्र के प्रधान दिनेश एडवोकेट और जनरल सेक्रेटरी सुरेंद्र शर्मा ने सभी अतिथियों, दर्शकों और सहयोगियों का धन्यवाद किया तथा मंचन में भाग लेने वाले कलाकारों को स्मृति-चिन्ह भेंट किए गए।

Leave a Reply

You missed