Spread the love

हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता

सोलन, 30 अगस्त। रोटरी क्लब सोलन के सहयोग से मैक्स सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, मोहाली द्वारा रविवार को दुर्गा क्लब सोलन में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ वरिष्ठ रोटेरियन रमेश अग्रवाल ने किया। स्वास्थ्य शिविर में लगभग 500 लोगों ने भाग लेकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श और विभिन्न स्वास्थ्य जांच सुविधाओं का लाभ उठाया।

शिविर में जनरल फिजिशियन, ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ तथा यूरोलॉजिस्ट ने मरीजों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय सलाह प्रदान की। इसके साथ ही ब्लड प्रेशर, रैंडम ब्लड शुगर तथा बोन मिनरल डेंसिटी जैसी महत्वपूर्ण जांचें भी निःशुल्क की गईं। मरीजों को आवश्यक दवाइयां भी मुफ्त वितरित की गईं।

रोटरी क्लब सोलन के अध्यक्ष डॉ. राजन उप्पल तथा कार्यक्रम चेयरमैन पुनीत शर्मा ने बताया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और बीमारियों की समय रहते पहचान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच से गंभीर बीमारियों का समय पर उपचार संभव हो सकता है, इसलिए ऐसे शिविर समाज के लिए अत्यंत उपयोगी हैं।

शिविर की सफलता में रोटेरियन पुनीत शर्मा, केशविंदर पंवार, डॉ. संजीव उप्पल, तीरथ राम, जी.डी. भारद्वाज, नीरज मित्तल, वीरेंद्र साहनी, सुदेश रत्तन, संजीव आनंद, रमेश अग्रवाल, भूनेश विजय, आर.आर. भारती उप्पल, एस. भारती, विजय रुग्गल तथा दिनेश कश्यप सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। इस अवसर पर वार्ड-9 की पार्षद मीनाक्षी भी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

स्वास्थ्य शिविर में मैक्स अस्पताल, मोहाली के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने सेवाएं प्रदान कीं, जिनमें डॉ. मुनिंदर सिंह रंधावा (यूरोलॉजिस्ट), डॉ. जितेंद्र सिंगला (ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ), डॉ. इंदिरा भल्ला (फिजिशियन), डॉ. गुरप्रीत बबरा, डॉ. पंकज उपाध्याय, डॉ. रामदीप (नेत्र रोग विशेषज्ञ), डॉ. शेखर (यूरोलॉजी), डॉ. बेदी (जनरल सर्जरी), डॉ. सावन वर्मा (न्यूरोलॉजिस्ट) तथा डॉ. एडविन शामिल रहे।

शिविर में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता ने यह साबित किया कि समाज में स्वास्थ्य जागरूकता के प्रति रुचि लगातार बढ़ रही है और ऐसे आयोजन लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रहे हैं।

Leave a Reply

You missed