
हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
बिलासपुर, 01 सितंबर। उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार की महत्वाकांक्षी पहल ‘मिशन दृष्टि बिलासपुर’ का सोमवार को राजकीय प्राथमिक पाठशाला रौड़ा में विधिवत शुभारंभ किया गया। अभियान का उद्घाटन अतिरिक्त उपायुक्त रुपिंदर कौर ने किया। पहले दिन प्राथमिक पाठशाला और आंगनबाड़ी केंद्र के कुल 50 बच्चों की आंखों की जांच की गई, जिनमें 2 बच्चों में दृष्टि संबंधी दोष पाया गया।
अतिरिक्त उपायुक्त रुपिंदर कौर ने कहा कि कम उम्र में आंखों की समस्याओं की समय पर पहचान न होने से बच्चों की पढ़ाई और समग्र विकास प्रभावित हो सकता है। इसलिए नियमित स्क्रीनिंग के माध्यम से शुरुआती स्तर पर दृष्टि दोष का पता लगाना आवश्यक है, ताकि समय रहते उपचार और आवश्यकतानुसार चश्मा उपलब्ध कराया जा सके।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शशि दत्त शर्मा ने बताया कि मिशन के तहत 1 सितंबर से जिले के स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में 3 से 8 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों की आंखों की स्क्रीनिंग की जाएगी। प्रारंभिक जांच स्नेलन चार्ट से की जाएगी, जबकि आवश्यकता पड़ने पर ऑटो-रिफ्रैक्टर मशीन और विशेषज्ञ चिकित्सकों की सहायता से आगे की जांच की जाएगी।
उन्होंने बताया कि अभियान के पायलट चरण में डियारा और चंगर क्षेत्र के स्कूलों में हुई स्क्रीनिंग के दौरान कई बच्चों में दृष्टि संबंधी समस्याएं सामने आई थीं, जिससे नियमित नेत्र जांच की आवश्यकता और अधिक स्पष्ट हुई है। प्रशासन द्वारा अभियान को प्रभावी बनाने के लिए अतिरिक्त ऑटो-रिफ्रैक्टर मशीनें उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया भी जारी है।
