
हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
सोलन, 02 सितंबर। शूलिनी विश्वविद्यालय ने अपने कैंसर रिसर्च सेंटर में अत्याधुनिक BioAI एवं एडवांस्ड बायोइनफॉरमैटिक्स लैब का उद्घाटन कर शोध एवं नवाचार के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। यह नई सुविधा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग, बायोइनफॉरमैटिक्स और बायोटेक्नोलॉजी को एक मंच पर लाकर अगली पीढ़ी की रिसर्च को नई दिशा प्रदान करेगी।
लैब का उद्घाटन यूनिवर्सिटी ऑफ एडिनबर्ग (यूके) के सीनियर लेक्चरर एवं डायरेक्टर ऑफ इंटरनेशनलाइजेशन डॉ. एंथनी कैलानन तथा चांसलर फेलो डॉ. रियानॉन ग्रांट ने किया। इस अवसर पर शूलिनी विश्वविद्यालय के चांसलर प्रो. प्रेम कुमार खोसला, वाइस चांसलर प्रो. अतुल खोसला, डीन प्रो. दिनेश कुमार, प्रो. पंकज कुमार चौहान सहित विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, फैकल्टी सदस्य और छात्र उपस्थित रहे।
वाइस चांसलर प्रो. अतुल खोसला ने कहा कि वैज्ञानिक अनुसंधान में AI की भूमिका लगातार बढ़ रही है और यह शोध के तरीकों को पूरी तरह बदल रहा है। उन्होंने बताया कि BioAI लैब छात्रों और शोधकर्ताओं को भविष्य की आवश्यक तकनीकी एवं कंप्यूटेशनल क्षमताओं से लैस करेगी।
डीन प्रो. दिनेश कुमार ने कहा कि बायोटेक्नोलॉजी तेजी से डेटा-आधारित क्षेत्र बनती जा रही है, ऐसे में AI और कंप्यूटेशनल तकनीकों की समझ भविष्य के शोधकर्ताओं के लिए अनिवार्य होगी। वहीं प्रो. पंकज कुमार चौहान ने कहा कि यह सुविधा विश्वविद्यालय के अकादमिक कार्यक्रमों और शोध पारिस्थितिकी तंत्र को और मजबूत बनाएगी।
BioAI एवं एडवांस्ड बायोइनफॉरमैटिक्स लैब के समन्वयक प्रो. लोकेन्द्र कुमार ने बताया कि यह लैब जैविक जानकारी और कंप्यूटेशनल इंटेलिजेंस के समन्वय के माध्यम से जटिल डेटा विश्लेषण, सटीक पूर्वानुमान और नई शोध संभावनाओं को बढ़ावा देगी।
लैब में NVIDIA GPU Blackwell सिस्टम और एडवांस्ड iMac सिस्टम जैसी अत्याधुनिक कंप्यूटिंग सुविधाएं स्थापित की गई हैं। यह केंद्र बड़े पैमाने पर जैविक डेटा विश्लेषण, मॉलिक्यूलर मॉडलिंग, कंप्यूटेशनल बायोलॉजी, जीनोमिक्स, कैंसर बायोलॉजी, ड्रग डिस्कवरी और AI आधारित बायोलॉजिकल प्रेडिक्शन जैसे क्षेत्रों में अनुसंधान को गति देगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, इस लैब का प्रमुख उद्देश्य बायोलॉजिस्ट, बायोटेक्नोलॉजिस्ट, बायोइनफॉरमैटिशियन, कंप्यूटेशनल शोधकर्ता और AI वैज्ञानिकों के बीच सहयोग को बढ़ावा देना है, ताकि जटिल जैविक एवं बायोमेडिकल चुनौतियों के समाधान के लिए बहुआयामी शोध को प्रोत्साहन मिल सके।
