
हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
नालागढ़, 05 सितंबर। उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा की अध्यक्षता में आज शिवालिक सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट लिमिटेड से संबंधित मामलों को लेकर ग्रामीणों एवं कंपनी प्रबंधन के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक हरदीप सिंह बाबा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
विधायक हरदीप सिंह बाबा ने कहा कि ग्रामीणों द्वारा स्वास्थ्य, पेयजल एवं पर्यावरण से संबंधित जो चिंताएं बैठक में रखी गई हैं, उन्हें गंभीरता से लिया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य और क्षेत्र में पर्यावरण की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा कंपनी प्रबंधन को भी इस दिशा में आवश्यक कदम उठाने चाहिए।
उन्होंने कंपनी प्रबंधन से आग्रह किया कि यदि तकनीकी एवं कानूनी रूप से संभव हो तो तरल एवं अर्ध-तरल अपशिष्ट को शिवालिक सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट में लाने से पूरी तरह परहेज किया जाए तथा केवल सूखे ठोस अपशिष्ट का ही परिवहन किया जाए। उन्होंने कहा कि कंपनी के संचालन की अवधि लगभग 20 वर्ष पूरी होने जा रही है। ऐसे में यदि तकनीकी एवं कानूनी रूप से संभव हो तो भविष्य में इस व्यवस्था को बंद करने अथवा कोई बेहतर वैकल्पिक व्यवस्था करने पर भी विचार किया जाना चाहिए, ताकि स्थानीय लोगों की समस्याओं का स्थायी समाधान हो सके।
विधायक ने कहा कि ग्रामीणों की ओर से कंपनी के संचालन एवं अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर जो कमियां एवं समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखी गई हैं, उनका निष्पक्ष एवं वैज्ञानिक तरीके से समाधान होना चाहिए।
उन्होंने प्रशासन द्वारा वैज्ञानिक स्वास्थ्य जांच एवं पर्यावरणीय जांच करवाने के संदर्भ में कहा कि इससे क्षेत्र की वास्तविक स्थिति सामने आएगी और समस्याओं के कारणों का तथ्यात्मक पता लगाने में मदद मिलेगी।
उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए वैज्ञानिक तरीके से मेडिकल जांच एवं स्वास्थ्य सर्वेक्षण करवाया जाएगा। इस संबंध में आईजीएमसी शिमला के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग से भी समन्वय किया जाएगा, ताकि विशेषज्ञों की टीम के माध्यम से गांव तथा आसपास के क्षेत्रों के लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण करवाया जा सके।
मनमोहन शर्मा ने कंपनी प्रबंधन को अपने कर्मचारियों का भी हर माह मेडिकल परीक्षण करवाने के निर्देश दिए, ताकि कर्मचारियों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने जल शक्ति विभाग तथा प्रदूषण नियंत्रण विभाग को निर्देश दिए कि माजरा गांव के साथ-साथ आस पास के दो-तीन अन्य गांवों से भी समय-समय पर पेयजल के नमूने लिए जाएं तथा उनकी जांच निर्धारित मानकों के अनुसार करवाई जाए। उन्होंने कहा कि पानी में टीडीएस, क्लोराइड, भारी धातु, आर्सेनिक तथा अन्य प्रदूषक तत्वों की उपस्थिति की जांच भी की जाए।
उन्होंने कहा कि यदि जांच के दौरान कंपनी की ओर से नियमों का उल्लंघन अथवा किसी प्रकार की कमी सामने आती है तो संबंधित प्रावधानों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि समय-समय पर इस मामले से सम्बन्धित समीक्षा बैठकें आयोजित की जाएगी ताकि ग्रामीणों की शिकायतों के समाधान के लिए प्रशासन, संबंधित विभागों, कंपनी प्रबंधन तथा स्थानीय लोगों के बीच निरंतर संवाद एवं समन्वय बना रहे।
उपायुक्त ने कंपनी प्रबंधन को निर्देश दिए कि वाहनों से अपशिष्ट को प्रातः 9 बजे से पहले तथा सायं 5 बजे के बाद खाली न करवाया जाए। उन्होंने कंपनी को वाहनों के इन एवं आउट का पूरा रिकॉर्ड रखने के निर्देश भी दिए, ताकि अपशिष्ट के परिवहन एवं खाली करने की प्रक्रिया की निगरानी सुनिश्चित की जा सके।
उपायुक्त ने कंपनी प्रबंधन को कंपनी परिसर में वर्षा जल एवं अपशिष्ट जल की उचित निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार के दूषित पानी को खुले में न छोड़ने के निर्देश दिए।
बैठक का संचालन उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ नरेंद्र अहलूवालिया ने किया।
उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा की अध्यक्षता में तदोपरांत किण्विन कंपनी से संबंधित प्रदूषण एवं पर्यावरणीय मामलों को लेकर भी बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अवगत करवाया गया कि कंपनी की ओर से कभी प्रातः तथा सांय के समय क्षेत्र में अजीब प्रकार की दुर्गंध महसूस होती है, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कंपनी प्रबंधन से दुर्गंध की समस्या का स्थाई समाधान करने को कहा।
उपायुक्त ने कंपनी की उत्पादन क्षमता से संबंधित जानकारी भी ली तथा संबंधित विभागों को कंपनी का समय-समय पर निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कंपनी प्रबंधन को उत्पादन क्षमता को कम करने के निर्देश भी दिए, ताकि प्रदूषण एवं दुर्गंध की समस्या को और नियंत्रित किया जा सके।
बैठक में पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान, उप पुलिस अधीक्षक नालागढ़ भीष्म ठाकुर, तहसीलदार नालागढ़ हुस्न चंद, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कंपनी प्रबंधन के प्रतिनिधि, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा प्रभावित क्षेत्रों के ग्रामीण उपस्थित रहे।
