हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
सोलन, 06 सितंबर। जिला सोलन बैडमिंटन संघ की ओर से कुमारहट्टी स्थित राजा वीरभद्र सिंह इंडोर स्टेडियम में आयोजित बॉयज एवं गर्ल्स अंडर-15 तथा अंडर-17 वर्ग की बैडमिंटन प्रतियोगिता के विभिन्न मुकाबलों के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए खिताब के लिए कड़े मुकाबले खेले।
संघ के सचिव योगेश चौहान ने बताया कि अंडर-15 गर्ल्स सिंगल्स वर्ग में आरुषि शर्मा विजेता रहीं, जबकि आराध्या जाखड़ ने उपविजेता का स्थान प्राप्त किया। गर्ल्स डबल्स में इज़ल बंसल और शाइना गोयल की जोड़ी विजेता बनी, जबकि एंजल नेगी और नव्या नेगी की जोड़ी उपविजेता रही।
अंडर-15 मिक्स्ड डबल्स में अक्षांश ठाकुर और आरुषि शर्मा की जोड़ी ने खिताब अपने नाम किया। प्रभव और इज़ल बंसल की जोड़ी उपविजेता रही। वहीं अंडर-15 बॉयज सिंगल्स में हनी ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि अर्पित उपविजेता रहे।
अंडर-17 बॉयज सिंगल्स वर्ग में जशानदीप सिंह विजेता बने, जबकि आर्यमान मौदगी उपविजेता रहे। बॉयज डबल्स में हनी ठाकुर और प्रणव सिंह की जोड़ी विजेता रही, जबकि जशानदीप सिंह और कवेश की जोड़ी उपविजेता बनी।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर जिला सोलन बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष डॉ. राजेश कश्यप ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही संघ की विभिन्न मांगों को पूरा करवाने के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन भी दिया।
