- डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर विद्यार्थियों ने दी रंगारंग प्रस्तुतियां, शिक्षकों को किया सम्मानित
हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
बद्दी, 07 सितंबर। अटल शिक्षा कुंज, कालू झंडा स्थित IEC विश्वविद्यालय में शिक्षक दिवस धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों के सम्मान में विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उनका दिल जीत लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. प्रल्हाद गुप्ता तथा वरिष्ठ संकाय सदस्यों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर एवं डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके उपरांत विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। प्रस्तुतियों में शास्त्रीय नृत्य, संगीत तथा शिक्षकों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करती लघु नाटिकाएं विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों को स्मृति चिह्न भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान गुरु-शिष्य संबंधों की गरिमा और शिक्षा के महत्व को भी रेखांकित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. प्रल्हाद गुप्ता ने कहा कि शिक्षक का दायित्व केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान प्रदान करना नहीं है, बल्कि उनके चरित्र का निर्माण कर उन्हें समाज का जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है। उन्होंने विश्वविद्यालय के सभी प्राध्यापकों को शिक्षा के क्षेत्र में उनके समर्पण, मार्गदर्शन और योगदान के लिए धन्यवाद दिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दी गईं तथा शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की गई।
