Spread the love

हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता

बद्दी, 10 सितंबर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बरोटीवाला में ईको विज्ञान फाउंडेशन द्वारा दो दिवसीय फंगल विविधता जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को फंगस की विविधता, पर्यावरण में उसकी भूमिका तथा जैव विविधता संरक्षण के महत्व की जानकारी दी गई।

ईको विज्ञान फाउंडेशन के सह-संस्थापक श्रेय गुप्ता और आशीष पाल्याल ने बताया कि फंगस केवल मशरूम तक सीमित नहीं है, बल्कि मिट्टी की उर्वरता, पोषक तत्वों के चक्र और पारिस्थितिकी तंत्र के संतुलन में महत्वपूर्ण योगदान देता है। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन भारत की फंगल विविधता की मैपिंग के लिए कार्य कर रहा है और सोलन जिले के लगभग 70 प्रतिशत क्षेत्र की फंगल मैपिंग पूरी की जा चुकी है। संस्था का लक्ष्य सोलन को देश का पहला फंगल मैपिंग जिला बनाना है।

सेमिनार के दौरान ट्रेजर हंट सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और फंगस की विभिन्न प्रजातियों के बारे में जानकारी प्राप्त की।

विज्ञान शिक्षिका रंजन लता वालिया ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को प्रकृति से जोड़ने और पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाने में सहायक हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. संजय कुमार ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और पर्यावरणीय संवेदनशीलता विकसित होती है।

Leave a Reply

You missed