Spread the love

हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
बद्दी, 10 सितंबर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक मॉडल पाठशाला बरोटीवाला में तीन दिवसीय अंडर-14 मेजर एवं माइनर खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में 10 ब्लॉकों के 28 स्कूलों के 652 खिलाड़ी विभिन्न खेल स्पर्धाओं में भाग ले रहे हैं।

प्रतियोगिता का उद्घाटन हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष मदन लाल चौधरी ने किया, जबकि धर्मपाल चौहान, उपाध्यक्ष गोसेवा आयोग, विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।

मदन चौधरी ने कहा कि खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और चरित्र निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने तथा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का संदेश दिया। धर्मपाल चौहान ने कहा कि स्कूली खेल प्रतियोगिताएं उभरती प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं और बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होती हैं।

इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. संजय कुमार ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।

प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर विद्यालय स्टाफ, विभिन्न स्कूलों के अध्यापक, खेल प्रभारी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

You missed