
हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
नालागढ़, 11 सितंबर। अटल आयुर्विज्ञान एवं अनुसंधान विश्वविद्यालय (एएमआरयू), नेरचौक (मंडी) द्वारा घोषित बीएससी नर्सिंग सातवें सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम में लॉर्ड महावीरा नर्सिंग संस्थान, नालागढ़ की दो छात्राओं ने प्रदेश स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए क्रमशः सातवां और आठवां स्थान प्राप्त किया है।
संस्थान की छात्रा वर्षा कटोच ने 8.85 ग्रेड के साथ प्रदेश में सातवां स्थान तथा स्मृति शर्मा ने 8.81 ग्रेड प्राप्त कर आठवां स्थान हासिल किया। दोनों छात्राओं की इस उपलब्धि से संस्थान में खुशी का माहौल है।
इस अवसर पर संस्थान के चेयरमैन डॉ. अजीत पाल जैन, निदेशिका आशिमा जैन, प्रिंसिपल एन. चंद्रलेखा, वाइस प्रिंसिपल प्रथावन सुब्रमणि तथा अधीक्षक कुलभूषण शर्मा ने छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
चेयरमैन डॉ. अजीत पाल जैन ने बताया कि संस्थान की छात्राएं हर वर्ष प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि संस्थान में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त 100 बिस्तरों वाला अपना अस्पताल है, जहां विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण के साथ-साथ अनुभवी एवं योग्य शिक्षकों द्वारा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जाती है।
उन्होंने बताया कि पिछले सात वर्षों में संस्थान की लगभग 95 छात्राएं देश के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान एम्स में अपनी सेवाएं दे रही हैं, जो संस्थान के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि संस्थान की छात्राएं भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश, संस्थान तथा अपने अभिभावकों का नाम रोशन करती रहेंगी।
