Spread the love

हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता

सोलन, 11 सितंबर। सामुदायिक विकास एवं संस्थागत साझेदारी को मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता के तहत आईडीबीआई बैंक, सोलन शाखा ने डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी को 5 लाख रुपये का ट्रैक्टर भेंट किया।

ट्रैक्टर की चाबियां विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एच.एस. बावेजा को गुरुवार को आयोजित एक समारोह में सौंपी गईं। इस अवसर पर निदेशक अनुसंधान डॉ. देविना वैद्य सहित विश्वविद्यालय के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। यह पहल आईडीबीआई बैंक के सीजीएम रवि नारायण पातरा, क्षेत्रीय प्रमुख अशोक कुमार सिंघल तथा शाखा प्रमुख अनुपम चौहान के नेतृत्व में की गई।

यह ट्रैक्टर विश्वविद्यालय की कृषि एवं बागवानी संबंधी गतिविधियों में सहयोग प्रदान करेगा तथा विभिन्न क्षेत्रीय कार्यों, विशेषकर विश्वविद्यालय के अनुसंधान फार्मों में कृषि कार्यों की दक्षता बढ़ाने में सहायक होगा। यह पहल शिक्षा, कृषि, बागवानी एवं सामुदायिक विकास के क्षेत्र में कार्यरत संस्थानों को सहयोग प्रदान करने के प्रति आईडीबीआई बैंक की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

इस ट्रैक्टर के दान का उद्देश्य आईडीबीआई बैंक और विश्वविद्यालय के बीच संबंधों को और मजबूत करना तथा संस्थागत सहभागिता एवं दीर्घकालीन सहयोग को बढ़ावा देना भी है।

इस अवसर पर प्रो. एच.एस. बावेजा ने आईडीबीआई बैंक का आभार व्यक्त करते हुए इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह ट्रैक्टर विश्वविद्यालय के अनुसंधान फार्मों में कृषि कार्यों को सुदृढ़ करने तथा विभिन्न क्षेत्रीय गतिविधियों के संचालन में उपयोगी साबित होगा। बैंक प्रतिनिधियों ने कहा कि इस प्रकार की पहल आईडीबीआई बैंक के स्थानीय समुदाय के विकास में सार्थक योगदान देने के प्रयासों का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। साथ ही, इनके माध्यम से क्षेत्र के प्रमुख संस्थानों के साथ मजबूत एवं सतत संबंधों को भी बढ़ावा मिलता है।

Leave a Reply

You missed