Spread the love
  • तीन दिवसीय CPTMPS-2026 में देशभर के विशेषज्ञों और शोधार्थियों ने किया सहभागिता
    हैप्पी हिमाचल न्यूज
    बद्दी, 12 सितंबर। आईईसी यूनिवर्सिटी, बद्दी में “मटीरियल्स एवं फार्मास्यूटिकल साइंसेज में टेक्नोलॉजी के वर्तमान परिप्रेक्ष्य” विषय पर आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस CPTMPS-2026 का सफल समापन हुआ। 9 से 11 सितंबर तक आयोजित इस सम्मेलन में देशभर से आए वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
    कॉन्फ्रेंस का शुभारंभ आईईसी यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. अशोक कुमार पुरी ने किया। उन्होंने मुख्य वक्ताओं और प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए शोध एवं नवाचार को समाज और उद्योग की प्रगति का आधार बताया।
    सम्मेलन के दौरान केमिस्ट्री, फिजिक्स, फार्मेसी, गणित तथा इंजीनियरिंग सहित विभिन्न विषयों से जुड़े विशेषज्ञों ने अपने शोध, अनुभव और नवीन तकनीकी दृष्टिकोण साझा किए। मुख्य वक्ताओं में डॉ. नीरज गुप्ता (सीयूएचपी, धर्मशाला), डॉ. एस.वी.एन. पम्मी (श्री निधि यूनिवर्सिटी, हैदराबाद), डॉ. मंजिंदर सिंह (नाइपर, मोहाली), डॉ. राकेश कुमार (पंजाबी यूनिवर्सिटी, पटियाला) तथा डॉ. अंकित कुमार दुबे (चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी, मोहाली) शामिल रहे।
    तीन दिनों तक चले इस राष्ट्रीय सम्मेलन में 250 से अधिक शोधार्थियों ने मौखिक एवं पोस्टर प्रस्तुतियों के माध्यम से अपने शोधपत्र प्रस्तुत किए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन प्रतिभागियों का चयन कर उन्हें नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
    समापन समारोह में विश्वविद्यालय की डीन अकादमिक अफेयर्स (डीएए) डॉ. ज्योति गुप्ता ने विश्वविद्यालय प्रबंधन, आमंत्रित वक्ताओं और सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे शैक्षणिक मंच शोधार्थियों को अपने विचार साझा करने, नए शोध आयामों पर कार्य करने तथा गुणवत्तापूर्ण एवं नैतिक शोध को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
    उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रकार के सम्मेलन शोध एवं नवाचार की संस्कृति को मजबूत बनाने के साथ-साथ युवा शोधकर्ताओं को नई दिशा और प्रेरणा प्रदान करेंगे।

Leave a Reply

You missed