
हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
अर्की, 15 सितंबर। राज्यस्तरीय सायर उत्सव के सफल आयोजन को लेकर अर्की में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम अर्की निशांत तोमर ने की, जबकि अर्की के विधायक संजय अवस्थी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में मेले के दौरान विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि अर्की का तीन दिवसीय राज्यस्तरीय सायर उत्सव 17, 18 व 19 सितंबर को पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिवहन, सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। संजय अवस्थी ने कहा कि मेले के अंतिम दिन 19 सितंबर को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री अर्की उपमंडल को करोड़ों रुपये की विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की सौगात भी देंगे।
उन्होंने कहा कि मेले में विभिन्न विभागों की विकासात्मक प्रदर्शनियां, खेलकूद गतिविधियां तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने मेले की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को लेकर अपने सुझाव रखे तथा आवश्यक प्रबंधों की जानकारी दी। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सतीश कश्यप, नगर पंचायत अध्यक्ष सीमा शर्मा, पूर्व अध्यक्ष एवं पार्षद अनुज गुप्ता सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, मेला कमेटियों के सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
