Spread the love
हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
अर्की, 16 सितंबर। राज्य स्तरीय सायरोत्सव इस वर्ष 17, 18 और 19 सितंबर को स्थानीय चौगान मैदान में हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आयोजित किया जाएगा। तीन दिवसीय इस भव्य आयोजन में धार्मिक कार्यक्रमों, कुश्ती प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक संध्याओं, विकास प्रदर्शनी तथा नशामुक्ति जागरूकता गतिविधियों का विशेष आकर्षण रहेगा।
मेला अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि सायरोत्सव का शुभारंभ 17 सितंबर को माता काली की पूजा-अर्चना के साथ होगा। उद्घाटन अवसर पर स्थानीय विधायक संजय अवस्थी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। दोपहर बाद पारंपरिक दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रदेश सहित विभिन्न क्षेत्रों के नामी पहलवान अपने दांव-पेच और दमखम का प्रदर्शन करेंगे।
पहली सांस्कृतिक संध्या में लोक कलाकार गौरव कौंडल, हेमंत शर्मा और काकू शर्मा अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। इस अवसर पर भी विधायक संजय अवस्थी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
सायरोत्सव के दूसरे दिन 18 सितंबर को कुश्ती प्रतियोगिताओं का दौर जारी रहेगा, जिसका शुभारंभ पुलिस अधीक्षक सोलन द्वारा किया जाएगा। वहीं दूसरी सांस्कृतिक संध्या के मुख्य अतिथि के रूप में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल उपस्थित रहेंगे। इस संध्या में नाटी किंग कुलदीप शर्मा, सौरभ अत्री और नीतिश राजपूत अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे।
19 सितंबर को सायरोत्सव का भव्य समापन होगा। समापन समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। मुख्यमंत्री विभिन्न विभागों द्वारा किए गए विकास कार्यों के लोकार्पण के साथ-साथ प्रदर्शनी स्टॉलों का निरीक्षण भी करेंगे। अंतिम सांस्कृतिक संध्या में प्रसिद्ध पंजाबी गायक रियाज खान मुख्य आकर्षण रहेंगे, जबकि कपिल शर्मा फोक सिंगर, हिमाचली जोड़ी तथा अन्य कलाकार भी रंगारंग प्रस्तुतियां देंगे।
सायरोत्सव के दौरान प्रदेश सरकार के नशामुक्त एवं चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मैराथन का भी आयोजन किया जाएगा। तीन दिनों तक चलने वाले इस राज्य स्तरीय उत्सव में हजारों लोगों के पहुंचने की संभावना है, जिससे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

You missed