
हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
सोलन, 17 सितंबर। मुरारी लाल मेमोरियल कॉलेज ऑफ नर्सिंग, सोलन के बीएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग और जीएनएम पाठ्यक्रम के 57 विद्यार्थियों का नरेंद्र मोहन अस्पताल, गाजियाबाद में आयोजित कैंपस भर्ती अभियान के दौरान चयन हुआ है। इस भर्ती प्रक्रिया में कुल 70 विद्यार्थियों ने भाग लिया था।
चयनित विद्यार्थियों को ₹20,000 प्रतिमाह के शुरुआती वेतन के साथ निःशुल्क छात्रावास सुविधा भी प्रदान की जाएगी। विशेष बात यह है कि इन विद्यार्थियों की अंतिम वर्ष की परीक्षाएं अभी शेष हैं, फिर भी उन्हें पहले ही रोजगार का अवसर मिल गया है।
भर्ती प्रक्रिया का संचालन नरेंद्र मोहन अस्पताल की नर्सिंग एजुकेटर कृतिका भारद्वाज और इन्फेक्शन कंट्रोल नर्स प्रिया द्वारा किया गया। कॉलेज के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश गुप्ता, निदेशक अंकित गुप्ता, निमित्त गुप्ता तथा प्रधानाचार्य रघुनंदन सिंह ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए नरेंद्र मोहन अस्पताल का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी ऐसे कैंपस प्लेसमेंट कार्यक्रम आयोजित करने का भरोसा दिलाया।
