हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
अर्की, 17 सितंबर। अर्की के ऐतिहासिक चौगान मैदान में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय सायर मेले का शुभारंभ विधायक संजय अवस्थी ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्राचीन मां काली मंदिर में पूजा-अर्चना की तथा समृद्धि के प्रतीक झोटे पूजन के साथ मेले का विधिवत उद्घाटन किया।
विधायक संजय अवस्थी ने क्षेत्रवासियों को सायर मेले की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह मेला क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और रीति-रिवाजों को संजोए रखने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में भाईचारे और आपसी मेल-जोल को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।
मेले के दौरान विधायक ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकासात्मक प्रदर्शनियों का शुभारंभ एवं अवलोकन भी किया। उन्होंने लोगों से सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और परियोजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाने का आग्रह किया। इस अवसर पर कृषि, बागवानी, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, आयुष, वन विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के स्वयं सहायता समूहों तथा होमगार्ड विभाग द्वारा प्रदर्शनियां लगाई गईं।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से आयोजित बेबी शो में 0 से 3 वर्ष आयु वर्ग के 32 शिशुओं ने भाग लिया, जिनमें 26 शिशु ग्रीन जोन तथा 6 शिशु यलो जोन में पाए गए। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण अभियान के अंतर्गत बच्चों का अन्नप्राशन और गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म भी मुख्य अतिथि द्वारा संपन्न करवाई गई।
मेले में कबड्डी, बैडमिंटन, शतरंज और कुश्ती प्रतियोगिताओं के साथ बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर विधायक की धर्मपत्नी मीनाक्षी अवस्थी, नगर पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

