Spread the love

 

हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता

नालागढ़, 18 सितंबर। उपमंडल नालागढ़ के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पंजेहरा के विद्यार्थियों ने चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मॉडल प्रतियोगिता में उपविजेता का स्थान प्राप्त किया। यह प्रतियोगिता दिल्ली पब्लिक स्कूल, नालागढ़ में आयोजित की गई, जिसमें 73 स्कूलों के 478 विद्यार्थियों ने भाग लिया।

विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ मनोज डोगरा (प्रवक्ता रसायन विज्ञान) तथा नीलम कुमारी (टीजीटी नॉन मेडिकल) मौजूद रहे। दोनों शिक्षकों ने विद्यार्थियों को प्रतियोगिता के लिए विशेष रूप से तैयार किया था, जिसके परिणामस्वरूप स्कूल को यह सफलता मिली।

विद्यालय की प्रधानाचार्या  संगीता ने प्रातःकालीन प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि विद्यालय लगातार चौथी बार चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस में उपविजेता बना है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी विद्यालय अंडर-14, अंडर-19 तथा जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में उपविजेता रह चुका है।

प्रधानाचार्या ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जिस प्रकार उन्होंने विज्ञान प्रतियोगिता में मेहनत कर सफलता प्राप्त की है, उसी समर्पण के साथ वार्षिक परीक्षाओं की तैयारी करें ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी मेरिट सूची में स्थान प्राप्त कर सकें और विद्यालय का नाम रोशन करें।

उन्होंने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों के साथ-साथ पूरे विद्यालय परिवार और उन शिक्षकों को दिया जिन्होंने बच्चों को प्रतियोगिता के लिए कड़ी मेहनत से तैयार किया। उन्होंने विद्यार्थियों से भविष्य में भी नई-नई उपलब्धियां हासिल कर अपने विद्यालय, माता-पिता और क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

You missed