हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
नालागढ़, 22 सितंबर। नालागढ़ और दून क्षेत्र के गेहूं बीज उत्पादक किसानों ने फसल की बकाया राशि का भुगतान न होने पर रोष जताया है। प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा के कोषाध्यक्ष हंसराज चंदेल के नेतृत्व में किसानों ने एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर 15 दिनों के भीतर भुगतान की मांग की है।
हंसराज चंदेल ने बताया कि कृषि विभाग ने वर्ष 2026 में 206 किसानों से गेहूं बीज की खरीद की थी, जिसकी कुल राशि 3 करोड़ 58 लाख 7 हजार 640 रुपये बनती है। इनमें से 116 किसानों को 2 करोड़ 28 लाख 20 हजार 640 रुपये का भुगतान किया जा चुका है, जबकि 90 किसानों की 1 करोड़ 29 लाख 87 हजार रुपये की राशि अभी भी लंबित है।
उन्होंने कहा कि गेहूं बेचने के छह माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद किसानों को पूरा भुगतान नहीं मिला है। कई किसानों ने फसल उत्पादन के लिए बैंक ऋण लिया था और अब अगली बुवाई का समय नजदीक होने के कारण उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
किसानों ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर बकाया राशि जारी नहीं की गई तो वे धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। किसानों ने सरकार से लंबित भुगतान जल्द जारी करने की मांग की है ताकि वे आगामी फसल की तैयारी समय पर कर सकें।
इस अवसर पर देवराज चौधरी, अवतार सिंह, टेकचंद चंदेल, प्रेम चंद, कृष्णपाल, सुखदेव, बंता राम, तरसेम लाल, मोहिंदर चंदेल, जगतार सिंह, सोडी राम, मोहन सिंह, सुभाष चंद और दीवान सिंह सहित कई किसान मौजूद रहे।
