Spread the love

 

हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता

सोलन, 28 सितंबर। राजकीय संस्कृत महाविद्यालय सोलन में आज हिमाचल संस्कृत अकादमी द्वारा आयोजित ‘आचार्य दिवाकरदत्त शर्मा राज्यस्तरीय जयन्ती समारोह’ अत्यंत श्रद्धापूर्वक एवं गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रदेशभर के संस्कृत विद्वानों ने आचार्य जी के जीवन, व्यक्तित्व, कृतित्व एवं भारतीय ज्ञान-परंपरा में उनके अमूल्य योगदान को रेखांकित किया। समारोह में डॉ. कुमार सिंह सिसोदिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रख्यात विद्वान डॉ. लेखराम शर्मा ने की। मुख्य वक्ता के रूप में प्रेम लाल गौतम ने आचार्य दिवाकरदत्त के जीवन दर्शन पर विस्तार से प्रकाश डाला।

कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन डॉ. भानु शर्मा द्वारा किया गया। इस गरिमामयी अवसर पर आचार्य दिवाकरदत्त शर्मा जी की सुपुत्री डॉ. करुणा भारद्वाज विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उनके साथ डॉ. सुधाकर, डॉ. ओम प्रकाश राही, आचार्य राधेश्याम, डॉ. पद्मनाभ, पंडित मोहन लाल शर्मा, वत्स देशराज शर्मा, डॉ. उमादत्त भट्ट, डॉ. राधा, डॉ. देवकांत शर्मा एवं डॉ. विनोद शर्मा सहित अनेक मूर्धन्य विद्वानों ने परिचर्चा में सहभागिता की। हिमाचल संस्कृत अकादमी के सचिव डॉ. प्रवीण कुमार विमल सहित नरेंद्र कुमार, जगदीश कुमार एवं पवन कुमार ने भी कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। युवाओं में संस्कृत के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए आयोजित मॉडल-निर्माण प्रतियोगिता में हितेंद्र एवं आदित्य ने प्रथम, अतुल ने द्वितीय तथा सुमित ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जिन्हें अकादमी द्वारा पुरस्कृत किया गया।

राजकीय संस्कृत महाविद्यालय सोलन की ओर से डॉ. विनय शर्मा, डॉ. दिनेश शर्मा, डॉ. आशा शर्मा, डॉ. सुरेश भारद्वाज, डॉ. पवन गौतम एवं डॉ. देव कुमार नेगी तथा कार्यालय विभाग से विपिना ठाकुर व पंकज सूद ने आयोजन की व्यवस्थाओं में सहयोग दिया। अंत में डॉ. विनय शर्मा ने सभी अतिथियों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ सामूहिक देशभक्ति के भाव के साथ हुआ।

Leave a Reply

You missed