Spread the love

हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता

बद्दी, 07 अक्तूबर। बद्दी के वर्धमान चौक के समीप मैदान में आगामी 22 से 24 नवम्बर, 2026 तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय ज़िला स्तरीय रेडक्रॉस मेला-2026 की तैयारियों एवं रूपरेखा के सम्बन्ध में आज बद्दी में उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में दून के विधायक राम कुमार चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

राम कुमार चौधरी ने इस अवसर पर कहा कि रेडक्रॉस मेला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि यह पीड़ित मानवता की सेवा, जरूरतमंद एवं असहाय लोगों की सहायता तथा सामाजिक समरसता को मज़बूत बनाने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि मेले को जन-कल्याण से जोड़ते हुए इसमें समाज के सभी वर्गों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित की जानी चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में ग्रामीण एवं स्थानीय महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों तथा क्षेत्र के युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों को प्राथमिकता के आधार पर स्टॉल उपलब्ध करवाए जाएं, ताकि ग्रामीण महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों को बाज़ार उपलब्ध होने के साथ उनकी आजीविका को भी प्रोत्साहन मिल सके।

उन्होंने कहा कि बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ औद्योगिक क्षेत्र में देश के विभिन्न राज्यों से आए लोग कार्यरत हैं और यहां की सामाजिक संरचना भी विविधतापूर्ण है। ऐसे में मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिमाचली एवं पंजाबी संस्कृति के साथ-साथ भोजपुरी, राजस्थानी तथा अन्य राज्यों की लोक संस्कृति और पारंपरिक प्रस्तुतियों को भी स्थान दिया जाना चाहिए, ताकि क्षेत्र में रहने वाले सभी वर्ग स्वयं को इस आयोजन से जुड़ा हुआ महसूस करें।

उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को मेले के दौरान निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर आयोजित करने तथा पात्र दिव्यांगजनों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध करवाने की संभावनाओं पर भी विचार करने को कहा। युवाओं को नशे के विरुद्ध जागरूक करने के उद्देश्य से ‘चिट्टा के विरुद्ध दो कदम’ संदेश के साथ वॉकथॉन तथा युवाओं को जोड़कर बाइक रैली के माध्यम से एंटी चिट्टा जागरूकता आयोजित करने का सुझाव भी दिया।

विधायक ने कहा कि मेले में आने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शुद्ध पेयजल, स्वच्छता, परिवहन सेवा, पार्किंग, विद्युत, कानून व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं तथा अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग प्रस्तावित कार्यक्रमों और व्यवस्थाओं को लेकर अपने स्तर पर आवश्यक तैयारियां समयबद्ध पूर्ण करें।

बैठक में तीन दिवसीय मेले के दौरान आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, स्वास्थ्य एवं जनकल्याण से जुड़ी गतिविधियों, विभागीय प्रदर्शनियों, खेलकूद प्रतियोगिताओं तथा मेले में आने वाले लोगों के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

मनमोहन शर्मा ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर मेले को सफल बनाए। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान लोगों की सुविधा और सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता रहेगी तथा सभी विभाग इसके लिए समन्वित रूप से कार्य करें।

उन्होंने विभिन्न विभागों को मेले के दौरान प्रदर्शनियां लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए विभिन्न विभागों को समयबद्ध समितियां गठित करने के निर्देश भी दिए।

उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बैठक में प्राप्त सुझावों एवं प्रस्तावित रूपरेखा के अनुसार अपने-अपने दायित्वों पर कार्रवाई आरम्भ करें ताकि आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण हो सके।

बैठक में प्राप्त सुझावों के आधार पर मेले की रूपरेखा को बेहतर एवं जन-उपयोगी बनाने पर भी चर्चा की गई।

इस अवसर पर नगर निगम बद्दी के आयुक्त विवेक चंदेल, अतिरिक्त उपायुक्त सोलन दिव्यांशु सिंगल, पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान, उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ नरेन्द्र आलूवालिया, उपमण्डलाधिकारी बद्दी संजीव धीमान, ट्रक ऑपरेटर यूनियन बीबीएन के अध्यक्ष विद्या रतन चौधरी सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी व अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Leave a Reply

You missed