हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
अर्की, 08 अक्तूबर। टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत सिविल अस्पताल अर्की में ब्लॉक अर्की की टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर टीबी उन्मूलन की दिशा में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 19 ग्राम पंचायतों के प्रधान एवं उपप्रधानों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड चिकित्सा अधिकारी अर्की डॉ. मुक्ता रस्तोगी ने की, जबकि एसडीएम अर्की निशांत तोमर मुख्यातिथि और खंड विकास अधिकारी तन्मय कंवर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
समारोह में ग्राम पंचायत डुमैहर, मांगल और प्लानिया को टीबी मुक्त पंचायत बनाने में उत्कृष्ट योगदान के लिए गोल्ड मेडल प्रदान किए गए। वहीं दानोघाट, खनलग और सहरोल पंचायतों को सिल्वर मेडल से सम्मानित किया गया। इसके अलावा बखालग, बनोह-खरड़हट्टी, बरयाली, चईयांधार, चाखड़, दधोघी, कोटलु, रोहांज-जलाना, समोग, सानन, सरयांज और मटेरनी सहित अन्य पंचायतों को अभियान में योगदान के लिए ब्रॉन्ज मेडल दिए गए।
मुख्यातिथि एसडीएम निशांत तोमर ने सम्मानित पंचायत प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में पंचायतों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से टीबी के लक्षणों, समय पर जांच और उपचार के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। साथ ही एचपीवी टीकाकरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पात्र बच्चों और किशोरियों का समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करने की अपील की।
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुक्ता रस्तोगी ने कहा कि टीबी उन्मूलन के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ पंचायत प्रतिनिधियों, आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा आम जनता की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने पंचायतों से इस जन-जागरूकता अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने का आग्रह किया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के सुपरवाइजर भूषण वर्मा, हेमंत गुप्ता, डॉ. विजय कुमार शांडिल सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी और पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सम्मानित पंचायत प्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए अपने क्षेत्रों में टीबी जागरूकता अभियान जारी रखने का संकल्प लिया।
