Spread the love

​हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
बद्दी, 27 अक्तूबर। प्रदेश में सरकारी तंत्र में ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा देने तथा भ्रष्टाचार के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से हिमाचल प्रदेश पुलिस मुख्यालय द्वारा 26 अक्तूबर से 1 नवंबर 2026 तक ‘विजिलेंस अवेयरनेस वीक’ का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को सत्यनिष्ठा के महत्व के प्रति जागरूक करना, भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूकता बढ़ाना तथा सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी एवं नैतिक मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
​इसी कड़ी में, आज  27 अक्टूबर को पुलिस जिला बद्दी के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। इसके तहत बद्दी पुलिस द्वारा बद्दी स्थित भोजिया डेंटल कॉलेज के छात्रों और स्टाफ के लिए एक विशेष जागरूकता व्याख्यान आयोजित किया गया, जिसमें रैगिंग रोकथाम, नशा मुक्ति तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में डॉक्टरों की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी गई।
​इसके अतिरिक्त आमजन को जागरूक करने के लिए पुलिस थाना बद्दी के अंतर्गत रेड लाइट चौक, पुलिस थाना बरोटीवाला के अंतर्गत एलेम्बिक चौक तथा पुलिस थाना नालागढ़ के अंतर्गत पुराना बस स्टैंड चौक के पास स्थानीय नागरिकों, दुकानदारों व राहगीरों को ‘विजिलेंस अवेयरनेस वीक’ और ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम के तहत ईमानदारी, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार मुक्त समाज का संदेश दिया गया।
​इसी क्रम में, आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय बद्दी में भी विजिलेंस अवेयरनेस वीक के उपलक्ष्य में एक विशेष हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान में पुलिस अधीक्षक बद्दी श्री विनोद धीमान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बद्दी संजीव भाटिया तथा उप पुलिस अधीक्षक  योगराज चंदेल के साथ-साथ कार्यालय के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सत्यनिष्ठा एवं ईमानदारी के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
​पुलिस अधीक्षक बद्दी  विनोद धीमान ने बताया कि बद्दी पुलिस अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के साथ-साथ युवाओं और आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रकार के शैक्षणिक व सामाजिक जागरूकता अभियान लगातार चला रही है तथा भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे।

Leave a Reply

You missed