- भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका अहम : डीएसपी अनिल मेहता
हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
बद्दी, 31 अक्तूबर। विजिलेंस विभाग बद्दी की ओर से मनाए जा रहे 26अक्टूबर से 1नवंबर तक सतर्कता सप्ताह के तहत आज आई. ई . सी. एवं चितकारा कालूझिंडा में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान संस्थान के विद्यार्थियों को सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और नैतिक मूल्यों के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को भ्रष्टाचार के दुष्प्रभावों से अवगत करवाने के साथ-साथ उन्हें अपने जीवन में ईमानदारी और पारदर्शिता अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
इस अवसर पर विजिलेंस विभाग बद्दी के डीएसपी अनिल मेहता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सत्यनिष्ठा से ही समाज और राष्ट्र की वास्तविक समृद्धि संभव है। उन्होंने कहा कि ईमानदारी केवल व्यक्तिगत जीवन का गुण नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार और मजबूत समाज की नींव भी है। प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि भ्रष्टाचार देश के विकास में बड़ी बाधा है। इसे समाप्त करने के लिए सरकारी विभागों के साथ-साथ आम नागरिकों और विशेषकर युवाओं की भागीदारी भी जरूरी है। विद्यार्थियों को अपने दैनिक जीवन में ईमानदारी अपनाने, गलत कार्यों का विरोध करने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया।
डीएसपी अनिल मेहता ने कहा कि सतर्कता सप्ताह मनाने का उद्देश्य लोगों को भ्रष्टाचार के प्रति जागरूक करना और सार्वजनिक जीवन में जवाबदेही, पारदर्शिता एवं सत्यनिष्ठा को बढ़ावा देना है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे इन मूल्यों को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं और एक ईमानदार एवं भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि सत्यनिष्ठा और ईमानदारी ही व्यक्तिगत सफलता के साथ-साथ सामाजिक एवं राष्ट्रीय समृद्धि का आधार हैं।
