
SIR के विरोध की आड़ में बांग्लादेशियों और रोहिंग्याओं को बचाना चाहती है कांग्रेस
हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
शिमला, 31 अक्तूबर। हिमाचल प्रदेश। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने अपने संसदीय क्षेत्र के कुटलैहड़ और चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्रों में पंचायती राज संस्थाओं के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मान में आयोजित अभिनंदन समारोह एवं कार्यकर्ता सम्मेलन में शिरकत की। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर, पूर्व विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो और पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा ने भी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि सशक्त पंचायतें ही सशक्त गांव और सशक्त हिमाचल की नींव हैं। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने पंचायती राज संस्थाओं को मजबूत करने, ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत ढांचा विकसित करने और स्थानीय स्तर पर विकास को गति देने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। डिजिटल तकनीक, पारदर्शिता और जनभागीदारी ने पंचायतों के कामकाज को नई दिशा दी है। उन्होंने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों से अपने क्षेत्रों की प्राथमिकताओं को पहचानकर विकास का स्पष्ट रोडमैप तैयार करने का आह्वान किया।
कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस देश में दंगे और अराजकता फैलाकर लोकतंत्र, संविधान, संसद और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करना चाहती है। एक परिवार की सामंतवादी मानसिकता के चलते राहुल गांधी किसी भी कीमत पर प्रधानमंत्री बनना चाहते हैं। जनता उन्हें बार-बार नकार चुकी है, इसलिए अब वे लोकतंत्र और संविधान के खिलाफ मोर्चा खोल रहे हैं।
उन्होंने SIR के विरोध को लेकर कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि हिमाचल की जनता समझती है कि कांग्रेस किस उद्देश्य से इसका विरोध कर रही है। SIR तो बहाना है, असल मकसद बांग्लादेशियों और रोहिंग्याओं को बचाना है। कांग्रेस नेताओं पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि इनका कोई भरोसा नहीं है और ये पहाड़ी क्षेत्रों में भी घुसपैठियों को बसाने की कोशिश कर सकते हैं।
अनुराग ठाकुर ने EVM और बैलेट पेपर को लेकर कांग्रेस के रुख पर सवाल उठाते हुए कहा कि 1989 के चुनाव में भाजपा दो सीटों से बढ़कर 86 सीटों पर पहुंची तो राजीव गांधी ने बैलेट की जगह EVM से चुनाव कराने की मांग की थी। वहीं, 2014 के बाद राहुल गांधी बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग कर रहे हैं और EVM हैक होने की बात कहते हैं।
उन्होंने कहा कि SIR की प्रक्रिया कांग्रेस शासनकाल में भी 1952, 1957, 1961, 1965-66, 1983-84, 1987-89, 1992-93 और 1995 में अपनाई गई थी। अंतिम SIR 2002-03 में हुआ था, जब अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार थी और यह प्रक्रिया 2004 में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में पूरी हुई। तब किसी ने इसका विरोध नहीं किया। अब 22 साल बाद SIR होने पर कांग्रेस को परेशानी क्यों हो रही है?
विपक्ष के 13 करोड़ लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने के आरोपों पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि इन आंकड़ों में 2.8 करोड़ ऐसे लोग हैं जिनका निधन हो चुका है, 3 करोड़ ऐसे हैं जिनका पता नहीं चल पाया, 6.3 करोड़ लोग अपना पता बदल चुके हैं और 1 करोड़ डुप्लीकेट मतदाता हैं, जिनके पास एक से अधिक वोटर कार्ड थे।
उन्होंने कहा कि मृतक और डुप्लीकेट नामों को छोड़कर शेष लोगों के पास उचित दस्तावेजों के साथ अपना पंजीकरण दर्ज करवाने का विकल्प मौजूद है। राहुल गांधी को स्पष्ट करना चाहिए कि वे मृतक और डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट में क्यों बनाए रखना चाहते हैं।
