
हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
नालागढ़, 12 मई। निर्वाचन अधिकारी एवं उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ नरेंद्र आहलूवालिया से प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर परिषद नालागढ़ के सभी 9 वार्डों के लिए 17 मई, 2026 को मतदान करवाया जाएगा।
नरेन्द्र आहलूवालिया ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया के सफल संचालन के दृष्टिगत आज खण्ड विकास अधिकारी कार्यालय नालागढ़ में इस कार्य के लिए नियुक्त 12 पोलिंग पार्टियों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की दूसरी रिहर्सल आयोजित की गई। रिहर्सल में पोलिंग पार्टियों को ई.वी.एम. एवं वी.वी.पैट. मशीनों के संचालन, मतदान प्रक्रिया की तकनीकी बारीकियों तथा चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के संबंध में विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस अवसर पर कंट्रोल यूनिट के अभियंताओं एवं प्रशिक्षकों द्वारा मतदान प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों की शंकाओं का समाधान भी किया गया।
नरेंद्र आहलूवालिया ने कहा कि नगर परिषद नालागढ़ के सभी 9 वार्डों में नगर निकाय निर्वाचन-2026 में मतदान प्रक्रिया पूर्ण रूप से महिला अधिकारियों एवं महिला कर्मचारियों द्वारा संपन्न करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने के लिए महिला कर्मियों की विशेष पोलिंग पार्टियां गठित की गई हैं। इनमें नियुक्त महिला अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी तरह प्रशिक्षित एवं तैयार हैं।
निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में यह एक प्रेरणादायक पहल है, जो प्रशासनिक कार्यों में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी एवं दक्षता को दर्शाती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी महिला पोलिंग पार्टियां चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदान प्रक्रिया को सफल, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
उन्होंने आम नागरिकों से आग्रह किया कि वह लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा निर्धारित तिथि को अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें।
