
हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
केलांग, 29 मई। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, केलांग के परीक्षा भवन में आज पंचायत चुनावों के अंतर्गत पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्यों की मतगणना को लेकर द्वितीय मतगणना पूर्वाभ्यास (रिहर्सल) का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना, उपमंडलाधिकारी (ना.) केलांग कुनिका एकर्स तथा एसडीएम उदयपुर अलीशा चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
गौरतलब है कि इस मतगणना केंद्र को “पिंक मतगणना केंद्र” के रूप में विकसित किया गया है, जहां मतगणना से संबंधित समस्त कार्य महिलाओं द्वारा संपन्न किया जाएगा।
खंड विकास अधिकारी डॉ. विवेक गुलेरिया ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मतगणना प्रक्रिया से संबंधित सभी आवश्यक दिशा-निर्देश विस्तारपूर्वक प्रदान किए। उन्होंने बताया कि मतगणना कार्य हेतु कुल सात टेबल स्थापित की गई हैं तथा प्रत्येक टेबल पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मतों की गिनती सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस पूर्वाभ्यास का मुख्य उद्देश्य मतगणना प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न करवाना है, ताकि वास्तविक मतगणना के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित की जा सकें।
इस दौरान विभिन्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सौंपे गए दायित्वों और कार्यों की भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
इस अवसर पर तहसीलदार केलांग विकास कुमार, नायब तहसीलदार शेर सिंह, पंचायत निरीक्षक अंकित सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
