Spread the love

हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता

बद्दी 30 मई।  बी .आर.डी. पब्लिक विद्यालय (वरिष्ठ माध्यमिक), कालूझंडा में शनिवार को शिक्षकों के लिए कंप्यूटेशनल थिंकिंग (सी.टी.) एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता (ए.आई.) की नैतिकता विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षकों को शिक्षा की नवीनतम तकनीकों और शिक्षण पद्धतियों से परिचित कराना तथा कक्षा शिक्षण को अधिक प्रभावशाली एवं रोचक बनाना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या पूजा ठाकुर ने किया। उन्होंने प्रशंसा समिति के सदस्य के रूप में उपस्थित चितकारा विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश के प्रोफेसर विजय कुमार सिन्हा, धौलाधार पब्लिक विद्यालय बरोटीवाला की प्रधानाचार्या श्रीमती अनीता गुप्ता, डी.ए.वी. परवाणु की पी.जी. कंप्यूटर अध्यापिका श्रीमती मोनिका खेड़ा तथा विभिन्न विद्यालयों से आए प्रतिभागी शिक्षकों का स्वागत किया।

कार्यशाला के दौरान वक्ताओं ने कंप्यूटेशनल थिंकिंग और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के बढ़ते महत्व, इसके नैतिक पहलुओं तथा शिक्षा के क्षेत्र में इनके प्रभावी उपयोग पर विस्तार से चर्चा की। प्रतिभागियों को बताया गया कि आधुनिक तकनीकों के समुचित उपयोग से विद्यार्थियों में तार्किक सोच, समस्या समाधान क्षमता और रचनात्मकता का विकास किया जा सकता है।

इस कार्यशाला में बी.आर.डी. विद्यालय कालूझंडा, धौलाधार विद्यालय बरोटीवाला, पाइनग्रोव विद्यालय सुबाथु, पी.सी. कैंब्रिज विद्यालय बद्दी, बद्दी इंटरनेशनल विद्यालय बद्दी तथा द मैक्स अकादमी बद्दी के शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान कुसुम, कुमारी कामना, सपना, कुमारी रितिका, शिखा, अमनदीप कौर, रितु, कुमारी अदिति शर्मा, पूजा रानी,  सिंपल कुमारी,  किरण कुमारी, रीनू, सरला, साक्षी ठाकुर, श्री सोमदत्त तथा  पंकज कुमार सहित अनेक प्रतिभागियों ने सी.टी. और ए.आई. विषयों पर अपने शोधपत्र एवं प्रस्तुतियां दीं।

कार्यशाला के समापन अवसर पर आयोजकों ने आशा व्यक्त की कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों को नई तकनीकों के प्रति जागरूक बनाने के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। प्रतिभागियों ने भी कार्यशाला को ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी बताते हुए ऐसे कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।

Leave a Reply

You missed